@शब्द दूत ब्यूरो (11 जुलाई, 2023)
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। सूबे में भारी बारिश का दौर जारी है। नदियां उफान पर हैं और जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। देर रात गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के समीप खड़े हुए वाहनों पर मलबा गिरने से एक टेम्पो ट्रेवल्स सहित तीन वाहन दब गए। इस हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। अभी तक सात घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
आज सुबह हाईवे खुलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंची। बीआरओ के अधिकारी मेजर वीएस वीनू ने बताया की भटवाड़ी से गंगनानी के बीच गंगोत्री हाईवे पर 20 किलोमीटर क्षेत्र में सात जगहों पर भूस्खलन हुआ था। पूरी रात तेज बारिश के बीच कड़ी मशक्कत के बाद अब कहीं जाकर राजमार्ग खोला गया है। बता दें की जनपद मे भारी बारिश जारी है।
मौसम विभाग की माने तो पिछले तीन दिन से प्रदेशभर में चल रहे बारिश का क्रम मंगलवार को भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कुमाऊं मंडल के चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal