@शब्द दूत ब्यूरो (06 जुलाई 2023)
काशीपुर। आज सुबह से हो रही तेज और मूसलाधार बारिश से पूरे शहर में जलभराव से जहां नागरिक हलकान रहे और नगर निगम को कोसते रहे। वहीं मेयर ऊषा चौधरी ने शहर के जलभराव का जिम्मेदार शहर की जनता को ठहराते हुए देश के तमाम बड़े बड़े शहरों में होने वाले जलभराव का उदाहरण देकर नगर निगम को पूरी तरह से इस समस्या से अलग कर दिया।
मेयर ऊषा चौधरी का कहना है कि जलभराव बड़े बड़े शहरों में भी होता है। मुंबई कोलकाता, नागपुर व दिल्ली का नाम लेते हुए मेयर ने वहां भी जलभराव होने की बात कही। हालांकि मेयर ऊषा चौधरी ने कहा कि नागरिक अगर जागरूक हों कूड़ा नालियों में न डालें, अतिक्रमण न करें तो जलभराव जैसी समस्याओं से निजात पाई जा सकती है। मेयर ने कहा कि जब निगम अतिक्रमण हटाता है तो उस पर उजाड़ने का इल्ज़ाम लगा दिया जाता है।
आपको बता दें कि आज हुई बारिश से मुख्य बाजार से लेकर एमपी चौक रतन सिनेमा मार्ग से लेकर रामनगर रोड तक जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। जलभराव की स्थिति से नगर के मोहल्ले भी अछूते नही रहे आवास विकास हो या पटेल नगर, कानून गोयान हो या महेशपुरा सभी जगह जलभराव की स्थिति दिखाई दी। नगर के मुख्य बाजार में हुए जलभराव ने एक बार फिर दुकानदारों के आगे मुश्किल बड़ा दी। अधिकतर दुकानदार अपनी दुकानों में भरे बारिश के पानी को निकालते नजर आए।
निगम की ओर से नाले और नालियों की सफाई के दावे उस समय हवा हवाई हो गये जब बीती देर रात से शुरू हुई बारिश के बाद सुबह जब लोगों की आंख खुली तो कई लोगों के कमरों में पानी भर चुका था।के बेड के नीचे तक पानी आ गया था।
दरअसल शहर में जलभराव की इस समस्या का निदान हो पाना मुश्किल लगने लगा है। थोड़ी देर की बारिश से पूरा जन जीवन तहस नहस हो जाता है।
और सबसे बड़ी बात यह है कि बारिश के दौरान खूब शोर मचाया जाता है।कुछ दिनों के लिए हो-हल्ला मचता है, जिम्मेदारियां तय करने की बातें की जाती हैं, राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप करते नजर आते हैं और फिर कुछ दिनों बाद सब शांत हो जाता है। परन्तु बारिश में जलभराव की समस्या न हो, यह देखने के लिए कोई न आरोप और प्रत्यारोपण चलता है। बारिश बीतने के बाद सब कुछ भुला दिया जाता है।
शहर के तमाम क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों से जलभराव के वीडियो मीडिया कर्मियों को भेजे जा रहे हैं। ताकि उनके प्रकाशन और प्रसारण से इस समस्या का निदान हो सके।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal