@शब्द दूत ब्यूरो (28 जून 2023)
सहारनपुर। हमले के बाद घायल चंद्रशेखर आजाद ने बताया, ‘मुझे याद नहीं है, लेकिन मेरे लोगों ने उनकी पहचान की है। हमलावरों की गाड़ी आगे सहारनपुर की तरफ भागी, हमने यू टर्न ले लिया। हमारी गाड़ी अकेली ही थी, कुल 5 लोग थे।’ उन्होंने बताया कि साथी डॉक्टर को भी शायद गोली लगी है।
बता दें कि आज देर शाम आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। कार में सवार में भीम आर्मी नेता चंद्र शेखर आजाद को गोली छूकर निकल गई। हालांकि उन्हें छर्रे लगे हैं। हमलावर हरियाणा नंबर की गाड़ी में आए थे।
ये हमला सहारनपुर के देवबंद इलाके में किया गया। चंद्रशेखर की गाड़ी पर फायरिंग के दौरान एक गोली उनकी पीठ को छूकर निकल गई। प्राथमिक उपचार के लिए चंद्रशेखर को देवबंद के सीएचसी में भर्ती कराया गया। फिर सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर किया गया।
चंद्रशेखर पर हुये हमले को लेकर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उनके पास से निकल गई। वह ठीक हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal