@शब्द दूत ब्यूरो (21 जून 2023)
रूद्रपुर। जिले में 21 जून से लेकर 21 जुलाई तक पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उधम सिंह नगर सचिन कुमार पाठक ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा यह अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान एक महीने तक “मानव जाति के अस्तित्व के लिए पेड़ों का महत्व” तथा “वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण” के उद्देश्य के साथ जनपद ऊधम सिंह नगर में न्यायालय परिसरों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में समस्त स्कूलों / कॉलेजों में समस्त सरकारी कार्यालयों में एवं अन्य उपर्युक्त स्थानों में उक्त अभियान चलाया जायेगा । जिसमें वन विभाग / उद्यान विभाग के सहयोग से जगह-जगह औषधीय एवं फलीय पौधों का वृक्षारोपण कर उनकी प्रभावी देखभाल की जायेगी। विभिन्न स्कूलों में जागरूकता रैली निकाली जायेगी, जिसका उद्देश्य वृक्षारोपण के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में आम जनता को जागरूक करना होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों / शहरी क्षेत्रों / ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को वृक्षारोपण के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। उक्त अवधि में “मानव जाति के अस्तित्व के लिए पेड़ों का महत्व” तथा “वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण” आदि के संबंध में निबन्ध / स्लोगन / पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर द्वारा आम जनता से अपील की गयी है कि वह भी एक माह के लिए चलाये जा रहे अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले तथा अपनी सहभागिता से मानव जाति के अस्तित्व के लिए पेड़ों का महत्व को समझते हुये वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण आदि के संबंध में अधिक से अधिक पेड़ों का वृक्षारोपण कर उनकी उचित देखभाल करेंगे। साथ ही साथ अपने परिवार व समाज को भी वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal