@शब्द दूत ब्यूरो (13 जून 2023)
काशीपुर। उत्तराखंड के बहुचर्चित पेपर लीक घोटाले के जेल में बंद आरोपी के निवास पर आज सुबह दिल्ली से पहुंची प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापा मारकर दस्तावेज खंगाले। आरोपी संदीप शर्मा के जसपुर और ठाकुरद्वारा में आयुर्वेदिक और पैरामेडिकल सहित तीन कालेज बताये जा रहे हैं।
यहां मानपुर रोड स्थित आवास पर दिल्ली से आई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने सुबह करीब 6 बजे से कार्यवाही शुरू की । संदीप शर्मा को पिछले वर्ष सितम्बर माह में उत्तराखण्ड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया था। संदीप शर्मा पर आरोप था कि उसने अन्य के साथ मिलकर गाजियाबाद के फ्लैट में ऊधम सिंह नगर व हरिद्वार के कई अभ्यर्थियों को यूकेएसएसएससी परीक्षा का प्रश्नपत्र हल कराया था। संदीप शर्मा के जसपुर और ठाकुरद्वारा में आयुर्वेदिक और पैरामेडिकल सहित तीन कालेज बताये जा रहे हैं। संदीप जेल में बंद है। आज ईडी की टीम ने मानपुर रोड पर प्रकाश रेजीडेंसी स्थित उसके आवास डी-26 पर बेनामी सम्पत्ति की जांच हेतु छापामारी शुरू की।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal