@शब्द दूत ब्यूरो (03 अप्रैल 2023)
काशीपुर । चैती मेला स्थल से आगे सड़क पर अपनी दुकानें लगाये कुछ दुकानदारों से बीती रात मारपीट करने का मामला सामने आया है। ये दुकानें खंड विकास कार्यालय से आगे आशीष वाटिका के आसपास सड़क किनारे लगी हुई हैं।
यहां हलवा परांठे की कुछ लोगों ने दुकानें लगाई हैं। दुकानदारों ने कथित रूप से इस मारपीट के लिए चैती मेले के ठेकेदार के आदमियों पर आरोप लगाया है। हालांकि मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। अलबत्ता दुकानदारों ने बताया कि उनसे यहां पर लगी दुकानें हटाकर मेला क्षेत्र में लगाने का दबाव डाला जा रहा है। जबकि जिस जगह उनकी दुकानें हैं उसके किराये की एवज में नगर निगम उनसे प्रतिदिन किराया वसूल कर उन्हें रसीद भी दे रहा है। हालांकि कुछ का कहना है कि उनसे शुल्क के रूप में जितनी रकम वसूली जा रही है रसीद उससे कम की दी जा रही है।
बीती रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे कुछ लोग आये और उनसे मारपीट की तथा दुकानें वहां से हटाकर मेला क्षेत्र में लगाने का दबाव बनाया। आरोप है कि इन लोगों ने दुकान पर सामान भी तहस नहस कर दिया। इन दुकानदारों की मानें तो ये लोग चैती मेले के ठेकेदार के लोग थे।
दुकानदारों ने बताया कि उन्हें लगातार दुकानें हटाने या फिर मेला क्षेत्र के अंदर लगाने के लिए कहा जा रहा था। जिस पर दुकानदार पैसों की कमी का हवाला देकर यथा स्थान पर टिके रहना चाहते थे।
यहां यह बता दें कि मेला अधिकारी के आदेश है कि कोई भी दुकानदार खाद्य सामग्री से जुड़ी किसी भी प्रकार की कोई दुकान या स्टॉल सड़क किनारे नहीं लगाएगा । जिस स्थान को निर्धारित किया गया है केवल वही लगाएगा। जिसके बावजूद भी कुछ दुकानदार सड़क के किनारे हलवे पराठे की दुकाने लगाए हुए थे। हालांकि इन दुकानदारों से निगम द्वारा वसूली भी की जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
