@शब्द दूत ब्यूरो (21 जनवरी 2023)
काशीपुर । तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद काशीपुर के दो दिग्गज भाजपा नेता एक मंच पर आकर एक दूसरे से बतियाते नजर आये।
जी हाँ, कुछ तस्वीरें यही बयान कर रही हैं। बता दें कि पिछले दिनों भाजपा के वरिष्ठ नेता और पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा और भाजपा नेता दीपक बाली के बीच पठान मूवी को लेकर लंबे समय तक वाकयुद्ध चला था। जहाँ दीपक बाली समेत कई अन्य भाजपा नेता पठान मूवी के प्रदर्शन को लेकर मुखर हो रहे थे वहीं सिनेमा हॉल मल्टीप्लेक्स मालिक राम मेहरोत्रा पठान मूवी को प्रदर्शित किये जाने पर अड़े थे। धर्मयात्रा महासंघ के कृष्ण कुमार अग्रवाल ने भी राम मेहरोत्रा को पठान मूवी के मसले पर दीपक बाली से वाकयुद्ध रोकने की अपील की थी।
इसी बीच फिल्मों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की बैठक में पार्टी नेताओं को बयान बाजी से बचने की सलाह दी थी। संभवतः इसी के चलते पठान मूवी पर आमने-सामने आये भाजपा के दो दिग्गज नेताओं के बीच जुबानी जंग थम गई और आज दोनों ही राम मेहरोत्रा और दीपक बाली एक मंच पर एक दूसरे से स्वस्थ माहौल में बतियाते नजर आये।
तस्वीरें तो यही कह रही हैं कि मानो राम मेहरोत्रा कह रहे हों कि “भाई दीपक बाली अब कोई शिकवा शिकायत है तो बतायें। जबाब में दीपक बाली भी हल्के फुल्के अंदाज में कह रहे हों कि राम भाई हम तो पार्टी के सिपाही हैं और पार्टी से अलग नहीं। ”
बहरहाल दोनों के बीच क्या बातें हुई इसका अनुमान ही लगाया जा सकता है। लेकिन पार्टी के लिए दोनों का एक मंच साझा करना सुखद माना जा सकता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







