@शब्द दूत ब्यूरो (18 जनवरी 2023)
काशीपुर। सूबे के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि महिलायें पुरूषों के मुकाबले ज्यादा ईमानदारी से काम करती हैं। हमारी सरकार महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
काशीपुर पहुंचे कृषि मंत्री गणेश जोशी ने यहाँ संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी मुख्य नारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का है। उत्तराखंड की भाजपा सरकार भी इसी नारे को साकार करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिलायें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से खुद को मजबूत कर रही हैं और आने वाले समय में राज्य की महिलाओं को और अधिक रोजगारोन्मुख सहायता सरकार देने जा रही है।
इससे पूर्व कृषि मंत्री एवं ऊधमसिंहनगर जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी का काशीपुर पहुंचने पर मण्डी समिति के अतिथि गृह में पार्टी जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा के साथ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री गणेश जोशी का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के उपरांत मंत्री जोशी ने पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। बैठक में मंत्री जोशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्या को भी सुना और उनके समस्या का शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने कार्यकर्ताओं के इस अपार स्नेह के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। भारतीय जनता पार्टी की एक विशेषता है एक छोटा से कार्यकर्ता को पार्टी एक समय में बड़ी जिम्मेदारी अगर कोई पार्टी दे सकती है। तो वह भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र पार्टी है। उन्होंने कहा इसके लिए धैर्य रखना बेहद जरूरी है,और पार्टी उसका इनाम भी समय पर देती है। मंत्री जोशी ने कहा आज विश्व की नंबर एक पार्टी अगर कोई है तो वह भारतीय जनता पार्टी है।
मंत्री जोशी ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और जनता को इसका लाभ लेने के लिए जागरूक करने की भी अपील की। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर सभी को एकजुटता के साथ कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर काशीपुर पार्टी जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने मंत्री जोशी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, बीजेपी ज़िलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, काशीपुर विधायक त्रिलोक चीमा, मेयर उषा चौधरी, राम महत्रोत्रा, दीपक बाली, डॉ गिरीश तिवारी, सीमा चौहान, डॉ सुरेश चौहान, बिजय मंडल, रवि पाल, उमा जोशी, कमलेश, अमित नारंग, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



