@शब्द दूत ब्यूरो (27 दिसंबर 2022)
अल्मोड़ा। जिले में धौलादेवी ब्लाक की प्राइमरी पाठशाला में मध्यान्ह भोजन के दौरान जातीय भेदभाव का वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को प्रधानाचार्य द्वारा अब उस वीडियो को डिलीट करने की गुहार की जा रही है।
दरअसल प्राइमरी पाठशाला थली में हरीश राम ने मध्याह्न भोजन के दौरान जातीय भेदभाव बरतते हुये कुछ छात्रों को अलग पंक्ति में बिठाने का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होने के बाद वहाँ लोगों में आक्रोश फैल गया।
क्षेत्रवासियों ने जल्द मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई कार्रवाई नहीं होती तो उग्र आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने कहा कि प्राथमिक स्कूल थली में मध्याह्न भोजन के दौरान भेदभाव किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो को लेकर वहाँ आक्रोश को देखते हुए वीडियो बनाने वाले हरीश राम को थाने में बुलाया गया। कहा जाता है कि वहाँ हरीश राम के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही उससे लिखित में माफी मंगवाई गई।
इस मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में भेटाबड़ोली प्रधान भागीरथी, दयाकिशन प्रधान पाली, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष बहादुर राम, उपपा केंद्रीय महासचिव एडवाकेट नारायण राम, बीएसपी से नारायण राम, जीवन चंद्र, हरीश राम, महेंद्र कुमार, अजय कुमार, महेंद्र लाल आर्य, गौरव कुमार, प्रकाश भारती, गोधन राम प्रधान काभड़ी, प्रकाश राम, चंद्रा आर्या, आनंद प्रसाद, वंदना कोहली आदि शामिल है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

