12 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
@शब्द दूत ब्यूरो (22 अक्टूबर 2022)
रीवा। दीवाली मनाने अपने घर वापस लौट रहे 14 लोगों की एक भीषण दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। 40 से अधिक यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये दर्दनाक हादसा मध्य प्रदेश के रीवा में आज तड़के हुआ। दरअसल इस दुर्घटना में तीन वाहन आपस में टकरा गए।
हैदराबाद से लखनऊ जा रही इस बस में 100 से अधिक यात्री सवार थे। बस एक टैंकर से टकराई और इसी बीच एक तीसरा वाहन भी टकराने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 12 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पूरा प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच और रेस्क्यू में जुट गया। कलेक्टर मनोज पुष्प, एसपी नवनीत भसीन, मऊगंज एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी त्योंथर समरजीत सिंह, सोहागी थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी तिवारी, चाकघाट थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल सहित आधा दर्जन थानों के बल को घटनास्थल पर बुला लिया गया था।
मृतकों में अधिकांश उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी हैं। दुर्घटना बस में ब्रेक न लगने की वजह से हूई। कई लोग बस के भीतर फंस गये जिन्हें पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में बड़ी मुश्किल से निकाला जा सका। हादसे की जगह बड़ा वीभत्स दृश्य था। कई लोगों के हाथ पैर कट गये। दुर्घटना में तीन वाहन टकराये थे लेकिन तीसरा वाहन क्या था यह पता नहीं चल पाया है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस खंगाल रही है जिससे तीसरे वाहन का पता चल पायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
