@शब्द दूत ब्यूरो (26 अगस्त 2022)
सूबे में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार के अपने दावे अलग हैं लेकिन स्वास्थ्य महकमे का हाल बेहाल है। कहीं रात में नशे में धुत चिकित्सक मिलता है तो देहरादून में स्वास्थ्य विभाग आज भी जो बुकलेट बांट रहा है उसमें त्रिवेन्द्र सिंह रावत को मौजूदा मुख्यमंत्री बताया गया है।
इसी सप्ताह अल्मोड़ा के जिला चिकित्सालय का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अपने बच्चे को दिखाने आये एक दंपति जब चिकित्सक के पास पहुंचे तो हैरान रह गए। वीडियो में दिख रहा है कि चिकित्सक ठीक से न तो लिख पा रहे हैं और न ही बात कर पा रहे हैं। वहां मौजूद चिकित्सालय के कर्मचारियों से जब डाक्टर का नाम पूछा गया तो बताया गया कि नये आये हैं नाम पता नहीं है। हालांकि वीडियो में एक शख्स डाक्टर की तबीयत खराब होने की बात भी कहता है। उधर स्वास्थ्य विभाग आज भी त्रिवेन्द्र सिंह रावत को ही सूबे का मुख्यमंत्री मानता है।
बीते रोज देहरादून नगर निगम के टाउन हॉल में आज 37वें नेत्रदान पखवाड़ा का शुभारंभ सूबे के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों से जुड़ी एक बुकलेट वितरित की गई, बुकलेट के पहले पन्ने पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की फोटो के साथ एक संदेश जारी किया गया। इस बुकलेट में मुख्यमंत्री रहते हुए त्रिवेंद्र रावत ने उत्तराखंड में लिंगानुपात पर चिंता भी व्यक्त की है। साथ ही लिंगानुपात के अंतर को कम करने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा भी की है।
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर होने और सब कुछ ठीक होने के दावे करते हैं लेकिन इसी राज्य में वास्तविक स्थिति कुछ और ही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal