@शब्द दूत ब्यूरो (15 अगस्त 2022)
काशीपुर । देवभूमि पर्वतीय महासभा ने आज वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का यहाँ रूद्राक्ष गार्डन में स्वागत समारोह आयोजित किया। आज ही कैलाश गहतोड़ी का जन्म दिन भी था।
भारी संख्या में उपस्थित पर्वतीय समाज के लोगों द्वारा किये गये अपने स्वागत से भाव विभोर हुये वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी ने अपने संबोधन के दौरान काशीपुर के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस शहर के विकास के लिये जो भी बन पड़ेगा वह अवश्य करेंगे। कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि जितना प्यार और अपनापन इस शहर में उन्हें मिल रहा है वह अकल्पनीय है।
इस अवसर पर कैलाश गहतोड़ी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने के मामले में कहा कि चंपावत के चहुंमुखी विकास के लिए उन्होंने यह फैसला स्वयं किया था। उनसे किसी ने सीट छोड़ने के लिए नहीं कहा था। वह चाहते थे कि चंपावत के लोग इस बात पर गर्व महसूस करें कि उनके क्षेत्र का विधायक मुख्यमंत्री है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को न केवल चंपावत वरन समूचे उत्तराखंड के लिए एक महान विकास की सोच का व्यक्ति बताया। संबोधन के दौरान भावुक हुये वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी ने अपने प्रारम्भिक जीवन के संघर्ष भरे दिनों के दौर की भी याद दिलाई।
इससे पूर्व स्वागत समारोह को चामुंडा अस्पताल के डॉ यशपाल रावत ने संबोधित करते हुए कहा कि कैलाश गहतोड़ी उत्तराखंड के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान निभाने वाले राजनीतिज्ञ हैं। वह उनसे अनुरोध करते हैं कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से हो रहे विस्थापन के परिणामस्वरूप पलायन को रोकने पर अपनी महती भूमिका निभा सकते हैं। ताकि रोजगार की खातिर अपने पहाड़ी क्षेत्र को छोड़कर आने वाले पुन: अपनी जड़ों से जुड़े रहें।
समारोह को पर्वतीय महासभा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जीना ने भी संबोधित किया। उन्होंने वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का स्वागत करते हुए उन्हें जन्म दिन की बधाई दी।
इस मौके पर पर्वतीय समाज के सैकड़ों लोगों ने वन विकास निगम अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी को माल्यार्पण व बुके देकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में उपस्थित प्रमुख लोगों में देवभूमि पर्वतीय महासभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ गिरीश चन्द्र तिवारी, जीवन तिवारी, ज्ञानेन्द्र जोशी, गोविन्द सिंह रावत, योगेश जोशी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, पार्षद श्रीमती बीना नेगी,पार्षद दीप जोशी, चंद्रभूषण डोभाल, आर एस नेगी, मोहन बिष्ट, कैप्टन गबर सिंह रावत, अनिल शर्मा, त्रिलोक सिंह अधिकारी, मनोज पंत, शंभू लखेडा सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal









