@शब्द दूत ब्यूरो (06 अगस्त, 2022)
बागेश्वर के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर्स को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन के लिए उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर वेतन की मांग की है। डॉक्टर्स ने यह पत्र इतना भावनात्मक रूप से लिखा है कि सोशल मीडिया में पत्र वायरल हो रहा है। पत्र में डॉक्टर्स ने लिखा कि ‘सैलरी नहीं मिलने से पैदल आना-जाना पड़ रहा है, जिससे उनका वजन पांच किलो कम हो गया है। वेतन नहीं मिलने से जहर खाने को पैसे नहीं हैं।’
कपकोट में प्रदेश सरकार ने बॉन्ड डॉक्टर्स की तैनाती की है। इन डॉक्टर्स को दो माह से वेतन नहीं मिला है। जिस पर डॉक्टर्स ने एक पत्र कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को लिखा है। पत्र में डॉक्टर्स ने लिखा है कि वेतन नहीं मिलने के कारण वे आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्हें चिकित्सालय ही आना-जाना पड़ रहा है। साथ ही डाक्टरों ने कहा है कि उन्हे इतनी आर्थिक परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।
डॉक्टर्स ने लिखा है कि आपदा काल में उनको काफी कठिनाई से जीवन यापन करना पड़ रहा है। बॉन्डधारी डॉक्टर्स ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें शीघ्र वेतन का भुगतान नहीं किया तो वे कार्य करने में असमर्थ रहेंगे, जिसका जिम्मेदार विभाग रहेगा। पत्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सीएमओ को अग्रसारित करते हुए हस्ताक्षरित किया है। यह पत्र सोशल मीडिया में वायरल हुआ है जिस पर तरह तरह की चर्चा हो रही है।
इस संबंध में कपकोट के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेश कुमार का कहना है कि शासन से भुगतान नहीं मिलने के कारण सात संविदा चिकित्सकों को वेतन नहीं मिल पाया है। डॉक्टर्स ने जो आवेदन दिया है उसकी जानकारी सीएमएचओ को दे दी गई है। उम्मीद की जा रही है कि डॉक्टर्स की समस्या का समाधान शीघ्र होगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal