@शब्द दूत ब्यूरो( 02 अगस्त 2022)
काशीपुर । शिवालिक होली माउण्ट एकेडमी के निदेशक बसन्त बल्लभ भट्ट नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स एलायंस (नीसा) के उत्तराखंड में ब्रांड एम्बेसडर बनाये गये हैं। श्री भट्ट की नियुक्ति पर काशीपुर के गणमान्य लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं हैं।
नीसा एक ऐसा मंच है जो देशभर के बजट निजी विद्यालयों को दिन प्रतिदिन के शिक्षण व अधिगम के तरीकों में गुणवत्ता सुधार की सुविधा प्रदान करता है। प्रकृति को सहजने के उद्देश्य के दृष्टिगत नीसा द्वारा आगरा में 30 व 31 जुलाई को ताज होटल में दो दिवसीय नीसा ग्रीन स्कूल्स कांफ्रेंस आयोजित की गयी।
कांफ्रेंस में वर्तमान परिवेश में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए देशभर के विद्यालयों को हरित विद्यालय बनाने की अवधारणा रखी गयी। कन्याकुमारी से कश्मीर तक के विद्वान एक उद्देश्य से एक छत के तले एकत्र हुए। नीसा अध्यक्ष डा० कुलभूषण शर्मा ने कार्यक्रमों के उद्देश्यों व प्रमुख तत्वों से सभी को अवगत कराया।
इसी क्रम में उत्तराखण्ड राज्य से तराई इंडिपेंडेन्ट स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बसन्त बल्लभ भट्ट को उत्तराखण्ड राज्य का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया। मुख्य अतिथि प्रो० एस.पी. सिंह बघेल, मिनिस्टर आफ स्टेट, लॉ एण्ड जस्टिस भारत सरकार द्वारा सभा को सम्बोधित करते हुए इस कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी। कार्यक्रम का सफल आयोजन डा० सुशील गुप्ता के द्वारा किया गया था।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal