@शब्द दूत ब्यूरो (12 जुलाई, 2022)
उत्तराखंड कांग्रेस के भीतर हलचल के बीच पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत कई नेता एक साथ हरिद्वार में मंथन करने पहुंचे। हरिद्वार स्थित जयराम आश्रम में करीब आधा दर्जन कांग्रेसी नेताओं के पहुंचने से सियासी खेमों में कई तरह की अटकलें तेज़ हो गई। राजनीतिक अटकलों का बाज़ार इसलिए भी गर्म रहा क्योंकि इससे पहले हरक सिंह के घर ये सभी नेता जुटे थे। अब खबर ये है कि हरक सिंह बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के घर जाकर मुलाकात भी कर आए हैं।
हरिद्वार में जयराम आश्रम के पीठाधीश्वर और पूर्व कांग्रेसी नेता ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी से मुलाकात करने पहुंचे कांग्रेसी नेताओं में हरक सिंह और प्रीतम सिंह के अलावा उत्तराखंड विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार, विजयपाल सजवाण आदि शामिल रहे। बता दें कि इन तमाम नेताओं ने कल सोमवार को हरक सिंह के घर पर बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और मौजूदा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा पर संगठन को कमज़ोर करने के खुलकर आरोप लगाए थे।
माना जा रहा है कि पिछली भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हरक सिंह अब राज्य में पूरी तरह सक्रिय होने के मूड में हैं और यही वजह है कि वे नये सिरे से खेमाबंदी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में सोमवार सुबह 7 बजे उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के घर जाकर मुलाकात की। बीजेपी के वरिष्ठ नेता कोश्यारी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का राजनीतिक गुरु भी बताया जाता है।
गौरतलब है कि कोश्यारी शनिवार से ही देहरादून में थे, लेकिन उनके घर मुलाकातियों की भीड़ लगी रहने की वजह से हरक सिंह सोमवार की सुबह-सुबह ही पहुंच गए। खबर है कि हरक सिंह मुख्य दरवाज़े की जगह रसोईघर वाले गेट से बाहर निकले। इस तरह की मुलाकात के बाद कई अटकलें तो लग ही रही हैं, यह भी कहा जा रहा है कि राजनीति में चौंकाने के लिए मशहूर हरक सिंह जल्द ही कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal