वेद भदोला
नई दिल्ली। दिनभर चली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में गहन मंथन के बावजूद नये अध्यक्ष का नाम फाइनल नहीं हो सका। मौजूदा हालात में यही लग रहा है कि राहुल गांधी ही अध्यक्ष बने रहेंगे। हालांकि राहुल गांधी ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। लेकिन अभी कांग्रेस कार्यसमिति के पास उनका इस्तीफा विचाराधीन है।
पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि बैठक में मौजूद सभी सदस्यों की एक राय राहुल गांधी को ही अध्यक्ष बने रहने की थी। सदस्यों का कहना था कि मौजूदा सरकार जिस तरह से संवैधानिक प्रावधानों, नागरिक अधिकारों तथा संस्थाओं का हनन कर रही है। ऐसे में मजबूत विपक्ष के नेतृत्व के लिए राहुल गांधी ही उपयुक्त हैं।
उधर नये अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया से सोनिया और राहुल गांधी ने खुद को अलग रखा है। हालांकि नये अध्यक्ष के रूप में मुकुल वासनिक का नाम सबसे ऊपर आ रहा है। वहीं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा कांग्रेस आनंद शर्मा को भी पार्टी अध्यक्ष बनाये जाने की संभावना बनी हुई है।
रात आठ बजे पुनः कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होनी है। रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि नये अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया के लिए कार्यसमिति पांच अलग अलग समूहों में विचार कर रही है और सदस्यों की राय ले रही है। हालांकि अधिकांश राहुल गांधी के नाम पर ही सहमति दे रहे हैं।
उधर राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने पर अडिग रहने की वजह से मामला पेचीदा होता जा रहा है। नया अध्यक्ष अस्थाई तौर पर होगा। ये माना जा रहा है। यदि किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनती है तो फिर राहुल गांधी को अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए जोर दिया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो राहुल के अध्यक्ष बने रहने के पक्ष में सदस्यों का यह भी तर्क है कि एक तरह से भाजपा की राय को लागू किया जाएगा। भाजपा यही चाहती है कि कांग्रेस गांधी परिवार से मुक्त हो। गांधी परिवार से इतर अध्यक्ष बनाने का मतलब भाजपा की राय मानना होगा।