@शब्द दूत ब्यूरो (16 मई 2022)
रामायण कथा के दौरान अभिमंत्रित नारियल बांटने के दौरान कई लोग घायल हो गए जिनमें ज्यादातर महिलायें हैं।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में रामकथा के बीच में रविवार को नारियल वितरण का कार्यक्रम था। रामकथा वाचक आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा बांची जा रही थी। रामकथा में भारी संख्या में श्रद्धालु आये थे।
बताया जाता है कि रामकथा के दौरान नारियल वितरण करते समय वहाँ अफरा-तफरी मच गई। दरअसल जो नारियल वितरित किए जा रहे थे उनको लेकर मान्यता है कि इसे घर में रखने सुख समृद्धि व स्वास्थ्य में वृद्धि होती है। लेकिन क्षमता से अधिक लोगों के पहुंचने पर मची भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। घायलों में 16 महिलाएं हैं तीन के पैर में फ्रैक्चर होना बताया जा रहा है।
कई लोगों को मंच पर ही लिटाकर प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की गई। तो कई घायलों को एंबुलेंस से ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसडीएम शैलेंद्र सिंह अधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सरकारी सहित निजी डॉक्टरों को हॉस्पिटल बुलाया गया।
एसडीएम के अनुसार उन्होंने बताया कि श्री राम कथा में हुई भगदड़ में 16 महिलाओं को भर्ती कराया गया था। जिनमें 3 को फ्रैक्चर और बाकी महिलाओं को भूख, प्यास और घबराहट की वजह से भर्ती कराया गया।उन्होंने कहा कि हालत सामान्य होने पर 5 महिलाओं को डिस्चार्ज कर दिया गया है। बाकी भी जल्द स्वस्थ हो जायेंगे।
रामकथा करा रही समिति के एक सदस्य ने बताया कि समिति द्वारा नारियल वितरण कार्यक्रम के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की गई थी। केवल नारियल वितरण कार्यक्रम के दौरान स्थिति बिगड़ी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने नारियल पाने की होड़ में अव्यवस्था को बढ़ावा दिया और इस कारण भगदड़ की स्थिति बन गई।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
