@शब्द दूत ब्यूरो (07 मई, 2022)
चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को इस बार भगवान के दर्शन के लिए 600 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। उत्तराखंड परिवहन महासंघ से जुड़ी तमाम यूनियनों की बसों के किराये में 20 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद ऋषिकेश से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री जाने के लिए प्र्रत्येक यात्री से अब 3,250 रुपये की जगह 3,850 रुपये लिए जा रहे हैं।
राज्य परिवहन प्राधिकरण की ओर से किराये में बढ़ोतरी से पहले ही उत्तराखंड परिवहन महासंघ ने किराया बढ़ा दिया है। किराये में बढ़ोतरी को लेकर महासंघ का तर्क है कि पिछले दो साल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में प्रति लीटर 30 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। ऐसे में पुरानी दरों पर चारधाम यात्रा कराना संभव नहीं है।
उत्तराखंड परिवहन महासंघ के बाद टैक्सी संचालकों ने भी किराये में बढ़ोतरी कर दी है। इनोवा गाड़ी के लिए अब एक दिन के साढ़े चार हजार की जगह छह हजार रुपये किराया ले रहे हैं। किसी परिवार को इनोवा से चारधाम यात्रा करनी है, तो 10 दिन के लिए 45 हजार रुपये की जगह 60 हजार रुपये देना पड़ रहे हैं।
इधर, भगवान केदारनाथ के कपाट खुलने पर उमड़े श्रद्धा के सैलाब ने चारधाम यात्रा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। कोरोना की वजह से दो वर्षों से कपाट खुलने के मौके पर चला आ रहा सन्नाटा भक्तों के जयकारों से टूटा गया। कपाट खुलने के पहले दिन शाम चार बजे तक 23 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए। यह पहले दिन भक्तों की संख्या का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal