@शब्द दूत ब्यूरो (25 अप्रैल, 2022)
मार्निंग वाक के लिए कोटद्वार-पुलिंडा मोटर मार्ग पर गए एक पुलिसकर्मी पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मी की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मी मनजीत सिंह निवासी विकासनगर, देहरादून अन्य दिनों की तरह सोमवार सुबह अपने एक मित्र के साथ मॉर्निंग वाक के लिए गए थे।
वह कोटद्वार पुलिंडा मार्ग पर वाक कर थे। सुबह करीब 6:00 बजे जब वह लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी से बचने के प्रयास में मनजीत सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच वहां पहुंचे हाथी ने मनजीत पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल मनजीत को बेस चिकित्सालय में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताते चलें कि कोटद्वार शहर से बड़ी संख्या में आमजन सुबह और शाम को टहलने के लिए कोटद्वार-पुलिंडा मोटर मार्ग की ओर जाते हैं। चूंकि आसपास का इलाका राजाजी नेशनल पार्क से सटा है, लिहाजा यहां जंगली हाथी अक्सर मानव बस्तियों की ओर चले आते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal