@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (23 अप्रैल, 2022)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के दो सांसदों सहित 125 नेताओं पर भितरघात के आरोप लगे हैं। इनमें क्षेत्रीय पदाधिकारी भी शामिल हैं। इसकी शिकायत पार्टी की प्रदेश व क्षेत्रीय इकाई से की गई है।
अब सांसदों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। अगर भितरघात के आरोप सही मिले तो सांसदों की मुश्किल बढ़नी तय है। बताया जा रहा है कि इन सांसदों का लोकसभा टिकट काटा जा सकता है। लोकसभा चुनाव 2024 में होने हैं।
विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर हार हुई है, भाजपा उसकी समीक्षा कर रही है। हारे प्रत्याशी भी रिपोर्ट दे रहे हैं। अब तक जो रिपोर्ट आई है, उसके मुताबिक, भितरघात ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है। 125 ऐसे नेताओं के नाम सामने आए हैं, जो पार्टी प्रत्याशियों को हराने में आगे रहे हैं। बस्ती और सिद्धार्थनगर के हारे प्रत्याशियों ने कुछ बड़े नेताओं पर चुनाव हरवाने के आरोप लगाए हैं।
गोरखपुर क्षेत्र में विधानसभा की पांच सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा कम अंतर से चुनाव हारी है। सिद्धार्थनगर की इटवा और डुमरियागंज विधानसभा सीट के जीत-हार का अंतर ज्यादा नहीं रहा है। इसी तरह बस्ती सदर, महराजगंज की फरेंदा और बलिया की बेल्थरा विधानसभा सीट पर भी हार का अंतर कम है। पार्टी नेतृत्व के मुताबिक, इन सीटों पर 700-1700 मतों के अंतर से हार हुई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal