@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (19 अप्रैल, 2022)
देशभर में लाउडस्पीकर और अजान की आवाज को लेकर चल रहे विवाद के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ी पहल की है। उन्होंने यूपी में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर अहम गाइडलाइन जारी की है।
सीएम योगी ने कहा कि सभी लोगों को अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। इसके लिए माइक और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि साउंड सिस्टम की आवाज उस धार्मिक परिसर से बाहर न जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साउंड सिस्टम के इस्तेमाल की अनुमति केवल इसी शर्त पर दी जा सकती है कि इससे अन्य लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही नए धार्मिक स्थलों पर माइक और साउंड सिस्टम लगाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने प्रदेश के सभी पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से इस गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवाने का निर्देश दिया।
लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश की कानून-व्यवस्था की तफसील पूछी। इसके बाद धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर को लेकर नई गाइडलाइन जारी की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि गाइडलाइन का पालन न करवाने पर दोषी अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal