झाँसी । साहित्य में जीवन मूल्यों और भारतीय विचारधारा को पल्लवित पुष्पित करने के उद्देश्य से संचालित अखिल भारतीय साहित्य परिषद ने नवसंवत्सर पर काव्य संगोष्ठी का आयोजन सैनी गार्डन में किया। इस अवसर समारोह के अध्यक्ष साहित्यकार डॉ. रामशंकर भारती ने हिंदू नववर्ष व उसकी प्राचीन परंपरा पर विस्तार से चर्चा की । उन्होंने भारत के ” सर्वे भवंतु सुखिनः ” के लोक कल्याणकारी चिंतन के महत्व को प्रतिपादित किया ।वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार निहालचंद शिवहरे ने अपनी कविताओं के माध्यम से जीवन मूल्यों की ओर लौटने और उत्सवधर्मी परंपराओं को प्रतिपादित करती हुईं उत्कृष्ट कविताएँ सुनायीं। बुंदेली के रससिद्ध कवि हरशरण शुक्ल ने अपनी कविताओं के माध्यम से ऋतु पर्व और नव संवत्सर पर सभी को शुभकामनाएं दीं । आशुकवि जे .पी. वर्मा मधुरेश ने अपने दोहों और छंदों के माध्यम से देश की वर्तमान स्थिति का चित्र उकेरा । दोनों ही कवि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे । देश के ओज के कवि संजीव दुबे ने अपनी वैचारिक कविताएं पढ़ीं। वहीं कार्यक्रम के आयोजक विजय सैनी ने अपनी छोटी-छोटी कविताओं के माध्यम से बहुत बड़ी-बड़ी और गंभीर बातें रखते हुए सभी को सर्जनधर्मी होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजेश तिवारी मक्खन की वाणी वंदना से हुआ । समारोह के फल संचालक कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ने अपने गीतों , भजनों और मुक्तकों के माध्यम से देश की विशिष्ट परंपराओं को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। बुंदेली व्यंग्य कविता के सशक्त हस्ताक्षर राम बिहारी सोनी तुक्कड़ ने अपने चुटीले अंदाज में ढरकोले की पीड़ा का बखान किया । वरिष्ठ साहित्यकार साकेत सुमन चतुर्वेदी ने जीवन और कविता में आई गिरावट की ओर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी गीत पढ़ा।
समारोह के अंत में सभी साहित्यकारों – कवियों ने नव संवत्सर की परंपरा को पुनर्जीवित बनाए रखने के लिए एक दूसरे को मंगलतिलक लगाकर बधाई दी और भावी पीढ़ी में अपने त्योहारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए सभी से इस दिशा में ठोस काम करने का भी आग्रह किया। इस सादे समारोह का सफल संचालन गीतकार – लेखक कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव सखा ने किया तथा संगोष्ठी के आयोजक श्री विजय प्रकाश सैनी ने सभी आगंतुकों , साहित्यकारों , कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर वेद तिवारी , आनंद शिवहरे आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Check Also
मेयर दीपक बाली की कार्यशैली से प्रभावित छात्रा आन्या मेहरोत्रा बनेगी काशीपुर की एक दिन की महापौर, देखिए वीडियो
🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (16 मार्च 2026) काशीपुर। राजनेताओं की अच्छी कार्यशैली …
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
