@शब्द दूत ब्यूरो (03 अप्रैल 2022)
मैंने अपने मां बाप को मार दिया उद्योगपति क्या चीज है। कानपुर के एक चर्चित बदमाश ने सोमानी स्टील्स के मालिक नरेश सोमानी से दो करोड़ की रंगदारी मांगते हुए धमकाया है। इस मामले में उद्योगपति नरेश सोमानी ने पांडुनगर काकादेव निवासी राजेश उर्फ गुड्डू सिंह के पर दो करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए स्वरूप नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ जांच शुरू कर दी है।
नरेश सोमानी के अनुसार आरोपी उन्हें लंबे समय से परेशान कर रहा है। उसकी कुछ मांग वह पहले पूरी करते रहे हैं लेकिन अब उसकी हिम्मत बढ़ रही है। 2019 में भी उन्होंने उसके विरूद्ध मामला दर्ज कराया था। तब पुलिस ने चार्जशीट लगा दी थी।
नरेश सोमानी कहते हैं कि आरोपी खुद को बाहुबली कहता है साथ ही उसका कहना है कि मैंने अपने मां बाप को वाराणसी में मार डाला उद्योगपति क्या चीज है। अगर उसकी मांग नहीं मानी तो वह पूरे परिवार को मार डालेगा।
उधर एडीसीपी पश्चिमी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा, ‘उद्योगपति की तहरीर पर धारा 386 (भय दिखाकर वसूली करना), 506 (जान से मारने की धमकी देना) मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि जो पूर्व में डिमांड पूरी की गई है, वह किन कारणों से की गई थी।’
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal