@शब्द दूत ब्यूरो (01अप्रैल, 2022)
उत्तराखंड कांग्रेस में अभी भी रुक-रुककर बगावती सुर उभर रहे हैं। अभी टिकट बेचने का मामला शांत हुआ ही था कि हरीश रावत की सीट लालकुआं पर फिर से बवाल शुरू हो गया है। इस बार पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस के प्रभारी पर जोरदार हमला किया है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की हार का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पार्टी के अस्तित्व को बचाने के लिए तत्काल प्रदेश प्रभारी को हटाने की मांग भी की है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस व हरीश रावत की हार के लिए कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान स्वयं हरीश रावत को जीतते हुए देखना नहीं चाहता था। हाईकमान द्वारा बार-बार अन्य प्रभारियों को उत्तराखंड की तमाम सीटों पर भेजकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को हराने का काम किया।
दुर्गापाल ने कहा कि टिकट वितरण से पूर्व जब उन्हें दिल्ली बुलाया गया तो वहां मौजूद प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और राष्ट्रीय महामंत्री वेणुगोपाल का व्यवहार चौंकाने वाला था। दुगार्पाल ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने आप को बचाने के लिए हार का ठीकरा मोदी मैजिक पर फोड़ रहे हैं, जो सही नहीं है।
दुर्गापाल ने कहा कि यदि मोदी मैजिक था तो ऊधमसिंह नगर में कांग्रेस को इतनी सीटें कैसे मिलीं। हल्द्वानी व अल्मोड़ा में पीएम मोदी आए वहां भी कांग्रेस जीती। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस प्रभारी को नहीं हटाया जाएगा, कांग्रेस राज्य में नहीं संभल पाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal