@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (20 मार्च, 2022)
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के बावजूद भाजपा विधायक दल के नेता को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। तमाम मैराथन बैठकों के बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार है। उधर नई दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रही बैठक में इस पद पर लाबिंग कर रहे नेताओं को हाईकमान की कड़ी फटकार सुननी पड़ी है।
अब भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए विधायक दल की बैठक सोमवार को देहरादून में होगी। वहीं इससे पहले सोमवार सुबह 10 बजे राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत को शपथ दिलाएंगे। जिसके बाद प्रोटेम स्पीकर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार रात को दिल्ली पहुंच गए थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक भी दिल्ली में हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व सतपाल महाराज पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। इसके साथ ही सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और अजय भट्ट भी बैठक में शामिल रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal