पुलिस ने हत्या के मामले में आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
@शिवकुमार शर्मा
सवाईमाधोपुर(19 मार्च 2022)। चौथ का बरवाड़ा रोड अंबेडकर कॉलोनी के पास करीब आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने तलवार व सरियों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक का नाम पीरु कीर उर्फ वीरू बागरिया 28 वर्ष निवासी ज्योति नगर जटवाड़ा है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे हमलावर व मृतक युवक साथ में बैठकर खेरदा में अंबेडकर कॉलोनी के पास पार्टी कर रहे थे। तभी किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बदमाश विजय राणा व बुद्धि प्रकाश मीणा सहित 8 लोगों ने पीरु पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक पर तलवार व सरियों से हमला कर दिया। इससे वह पूरी तरह से लहूलुहान हो गया। घायल को मरा जानकर हमलावर वहाँ से भाग गये। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पीरू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल को जयपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सुबह शहर पुलिस उपाधीक्षक राजवीर सिंह, मान टाउन थाना अधिकारी जगदीश भारद्वाज, कोतवाली थाना अधिकारी चन्द्रभान सिंह आदि की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
इसके बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 8 लोगों खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वही आरोपी की तलाश भी कर रही है। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने परिजनों को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा भी दिलाया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal