@शब्द दूत ब्यूरो (17 फरवरी, 2022)
उत्तराखंड की 70 सीट विधानसभा सीटों में से जो भी दल 36 सीट के जादुई आंकड़े को छुएगा, वही राज्य की सत्ता पर काबिज होगा। फिलहाल प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद होने के बाद कांग्रेस के नेता पार्टी की जीत के प्रति आश्वस्त नज़र आ रहे हैं और सीटों को लेकर गुणा-भाग में उलझे रहे।
उत्तराखंड के मतदाताओं के रुझान को अपने पक्ष में मानकर जीत के प्रति आश्वस्त लग रही कांग्रेस की नजरें अब बहुमत के लिए जरूरी सीटों के जादुई आंकड़े 36 पर गड़ गई हैं। राज्य की 70 सीटों वाली विधानसभा में 36 सीट पाने वाली पार्टी के लिए सरकार बनाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
प्रदेश में मतदान के बाद से कांग्रेस उत्साहित है। पार्टी प्रत्याशी व पदाधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों पर तैनात किए गए पार्टी के अभिकर्ताओं से दिनभर फीडबैक लेते रहे। अब 10 मार्च को चुनाव परिणाम कुछ भी हो, लेकिन मतदान के बाद अपने स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पार्टी सुकून महसूस कर रही है।
मतदान के रुझान को कांग्रेस अपने पक्ष में मान रही है, तो उसका प्रमुख कारण एंटी इनकंबेंसी ही है। उसका मानना है कि भाजपा सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी भुनाने का उसका दांव चल निकला है। साथ ही लुभावने वायदों को मतदाताओं ने समर्थन दिया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

