हरीश रावत ने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा ने क्या किया, इस सवाल का उनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने केवल मुख्यमंत्रियों को बदलने का काम किया।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (10 फरवरी, 2022)
उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पिछले विधानसभा चुनाव में मिली हार को भूलकर राज्य में पार्टी को सत्ता में वापस लाने की कोशिश में जुटे हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके सामने पहला काम संसाधन जुटाना होगा क्योंकि राजस्व कम हुआ है और अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में नहीं है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने राजनीति से रिटायर होने के सवाल पर कहा, “यह सब राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करता है। अगर हम 2024 में केंद्र में सत्ता में वापसी करते हैं, तो मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी। मैं निर्वाण के लिए निकल जाऊंगा।”
रावत ने कहा, “हालात के मुताबिक, अगर मुझे लड़ना है, तो मैं इस लड़ाई को कैसे छोड़ सकता हूं? महाभारत में भीष्म पितामह सबसे बड़े थे लेकिन उन्होंने 10 दिनों तक युद्ध का नेतृत्व किया था और जो छोटे थे वे जल्द मारे गए।”
हरीश रावत ने कहा, “आम आदमी पार्टी अभी तक उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य में कहीं नहीं है। अगर वे कोई भी सीट जीतते हैं तो यह संयोग ही होगा। मेरा मानना है कि अगर आम आदमी पार्टी पांच-सात साल उत्तराखंड में कड़ी मेहनत करती है, तो उन्हें कुछ पहचान मिल सकती है।”
हरीश रावत ने कहा, “पिछले पांच साल में भाजपा ने क्या किया, इस सवाल का उनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने केवल मुख्यमंत्रियों को बदलने का काम किया। राज्य में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार है। उन्होंने लोगों को कोविड महामारी के दौरान मरने के लिए छोड़ दिया।”
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

