@शब्द दूत ब्यूरो (16 जनवरी, 2022)
विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की घंटों चली माथापच्ची के बाद भी 13 विधानसभा सीटों पर पेंच आखिर फंस ही गया। सूत्रों के अनुसार इन विधानसभा सीटों पर पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह कैंप के बीच फंसी हैं। ऐसी सीटों पर दो-दो नाम भेजे गए हैं।
सूत्रों के अनुसार उम्मीदवारों की पहली लिस्ट को केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) को सौंपा जा चुका है। सीईसी की मैराथन बैठक के बाद बहुत संभव है कि रविवार को पार्टी राज्य के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दे।
बता दें कि हाल ही में हरीश रावत और प्रीतम कैंप ने कुछ सीटों पर कुछ दूसरे दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल कराया है। वर्ष 2017 के चुनाव के दौरान बगावत कर पार्टी छोड़ गए कुछ नेताओं की प्रीतम सिंह के प्रदेश अध्यक्ष रहते दोबारा घर वापसी हुई है। ये सभी टिकट के वादे पर वापस पार्टी में लौटे थे। अब बदले हालात में रावत और प्रीतम कैंप के बीच इन नेताओं के टिकट पर किंतु-परंतु हो रहा है।
बहरहाल, जिन सीटों पर पेंच फंसा है उनमें गढ़वाल से पुरोला, सहसपुर, कैंट,रायपुर, डोईवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार ग्रामीण, खानपुर, लक्सर है तथा कुमाऊं से कालाढुंगी, डीडीहाट, सोमेश्वर, लोहाघाट सीटें हैं।
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि सौहार्दपूर्ण माहौल में सभी 70 सीट पर चर्चा कर ली गई है। अधिकांश सीट पर एक ही उम्मीदवार का नाम तय हुआ है। कुछ सीटों पर एक से ज्यादा दावेदारों के नाम रखे हैं। उम्मीद है जल्द से जल्द पहली लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

