Breaking News

काशीपुर में उक्रांद की चुनावी घोषणा : कृषि कार्य में लगे पुरूषों व गृहणियों को दिया जायेगा प्रतिदिन मानदेय, केन्द्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी की पत्रकार वार्ता, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (14 दिसंबर 2021)

काशीपुर । उत्तराखंड क्रांति दल ने आगामी 2022 के चुनाव के लिए अन्य दलों के अनुसार घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। यहाँ काशीपुर में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने पत्रकार वार्ता में बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वह परंपरागत कृषि कार्य करने वालों को प्रतिदिन 200 से चार सौ रुपये का मानदेय देंगे यही नहीं राज्य की गृहणियों के लिए भी एक निश्चित मानदेय दिया जायेगा।

पार्टी के केंद्रीय महामंत्री मनोज डोबरियाल के रामनगर रोड स्थित होटल के सभागार में बीती शाम काशी सिंह ऐरी पत्रकारों से रूबरू थे। काशी सिंह ऐरी ने कहा कि वह किसी भी राष्ट्रीय दल से कोई गठबंधन नहीं करेंगे अलबत्ता उत्तराखंड के सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध क्षेत्रीय दलों से वह गठबंधन करेंगे। ताकि भाजपा कांग्रेस के विरूद्ध मतों का विभाजन रोका जा सके। राज्य की राजधानी का मसला अभी तक लंबित होने को लेकर काशी सिंह ऐरी ने भाजपा कांग्रेस दोनों दलों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब राज्य का गठन हुआ तब भारत सरकार ने एक शासनादेश जारी किया जिसमें कहा गया कि राज्य की कामचलाऊ राजधानी देहरादून होगी। स्थाई राजधानी का फैसला उत्तराखंड की निर्वचित विधानसभा द्वारा किया जायेगा लेकिन तब से चार बार विधानसभा का गठन हो चुका है लेकिन राजधानी का मसला अब तक अनसुलझा है। उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए संघर्ष करता रहेगा। 

भू कानून पर उन्होंने अब तक की सरकारों के रवैये को निराशाजनक बताया। पलायन को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुये कहा कि पलायन आयोग बनाकर राज्य की जनता को बरगलाया गया है। ऐरी ने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार, यहाँ स्कूलों की अच्छी व्यवस्था, सड़कों की बदहाल हालत को जब तक ठीक नहीं किया जायेगा तब तक पलायन रूक पाना संभव नहीं होगा। पलायन रोकने के लिए गांव में रहने वाले को एक निश्चित आय देंगे तभी रूक पायेगा। गांव में कृषि करने वालों व गृहणियों को उत्तराखंड क्रांति दल प्रतिदिन एक निश्चित आय देगा यह पार्टी के घोषणा पत्र में रखा जायेगा। शिक्षा व स्वास्थ्य की स्थिति राज्य में खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बड़ी बुरी है। अगर वहाँ सुविधाओं का टोटा होगा तो पलायन कैसे रूक पायेगा। 

उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि 21 साल बाद भी उत्तराखंड की देनदारी उत्तर प्रदेश ने नहीं चुकायी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तंज कसते हुये ऐरी ने कहा कि पिछले दिनों बड़ी जोर शोर से कहा गया कि उत्तर प्रदेश से परिसंपत्तियों के बंटवारे पर समझौता हो गया है। ऐरी ने कहा कि अगर मामला सुलझ गया तो सरकार इसपर श्वेत पत्र जारी करे। 

21 साल में उत्तराखंड क्रांति दल उत्तराखंड में अपनी पैठ नहीं बना पाया? इस सवाल के जबाब में काशी सिंह ऐरी ने कहा कि जब अलग उत्तराखंड राज्य के लिए संघर्ष जारी था तब राज्य के तमाम संगठनों की इच्छा पर उत्तराखंड क्रांति दल ने अपने झंडे और बैनर को छोड़कर उस समय उत्तराखंड संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले एक वृहद आंदोलन चलाया था। राज्य निर्माण में सफलता मिली। इस बीच संगठन का काम नहीं हो पाया जिस वजह से पार्टी कुछ कमजोर हुई। बाद में भाजपा कांग्रेस की सरकारों के दौरान पार्टी के विधायकों के मंत्री बनने के सवाल पर ऐरी बोले कि राज्य के मुद्दे सुलझाने के लिए सत्ता में भागीदारी का हमारा एक प्रयोग था जो कि असफल रहा। इसलिए अब पार्टी ने तय किया है कि किसी भी परिस्थिति में भाजपा कांग्रेस जैसे राष्ट्रीय दलों से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। 

उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और जरुरत पड़ने पर यहाँ के क्षेत्रीय दलों से सीटों का बंटवारा करेगी। रामनगर में उनकी आज कुछ क्षेत्रीय दलों से इस संदर्भ में एक बैठक भी होनी है। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, स्वराज पार्टी जैसे दलों के बीच उनकी बात अभी चल रही है। 

काशीपुर से उन्होंने करीब करीब उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि मनोज डोबरियाल यहाँ से पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं। 

इससे पूर्व उक्रांद के केन्द्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी का काशीपुर पहुंचने पर केन्द्रीय सचिव मनोज डोबरियाल, केन्द्रीय संगठन मंत्री हरजाप सिंह सुरेश चंद्र जोशी जिलाध्यक्ष आर सी त्रिपाठी जिला महासचिव तथा डॉ गोविन्द सिह रावत जिला कोषाध्यक्ष आदि ने स्वागत किया। 

Check Also

बजट पर चर्चा :विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दी, केन्द्रीय मंत्री का बड़ा आरोप

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (25 जुलाई 2024) संसद के दोनों सदनों में …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-