प्रदेश की राजनीति में हरीश रावत को घेरने की योजना को लेकर बीजेपी के रणनीतिकार दावा कर रहे हैं कि ऐसा करने से हरीश पार्टी के भीतर अकेले पड़ जाएंगे और वहां चल रही गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा।
@शब्द दूत ब्यूरो (14 नवंबर, 2021)
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों ने चुनावी रणनीतियों पर काम करना तेज कर दिया है। प्रदेश में बीजेपी सुनियोजित तरीके से कांग्रेस के बजाय हरीश रावत की घेराबंदी करने में जुटी है। खासतौर पर पिछले दिनों देहरादून में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत को निशाना बनाया। उसके बाद तो बीजेपी के सारे नेता और मंत्री उसी राह पर चलते नजर आ रहे हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से लेकर चुनाव प्रभारी तक, सभी के निशाने पर हरीश रावत ही हैं। उनके अलावा किसी भी कांग्रेसी नेता पर बीजेपी का हमलावर नहीं होना राजनीतिक जानकारों को हैरत में डाल रहा है। बीजेपी के रणनीतिकार इस योजना को लेकर दावा कर रहे हैं कि ऐसा करने से हरीश पार्टी के भीतर अकेले पड़ जाएंगे और वहां चल रही गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा। लेकिन वहीं एक बीजेपी नेता ने कहा कि पार्टी को यह नहीं करना चाहिए, इससे हरीश रावत को ही फायदा मिलेगा।
उत्तराखंड में इस समय चुनावी माहौल गर्म है और दोनों तरफ से नेताओं ने बयानबाजी तेज कर दी है। इधर प्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों के चुनावी दौरे भी शुरू हो गए हैं। यहां दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नड्डा आ चुके हैं और इसी महीने इन तीनों बड़े नेताओं का एक बार फिर उत्तराखंड आने का कार्यक्रम है।
इस चुनावी सरगर्मी के बीच बीजेपी ने अपनी चुनावी रणनीति में परिवर्तन करते हुए उत्तराखंड में हरीश रावत को टारगेट करने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत पिछले दिनों देहरादून में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद की. उनके भाषण में हरीश रावत ही निशाने पर रहे और किसी भी कांग्रेस नेता के लिए कुछ नहीं कहा. उसी दिन हरीश रावत ने शाह के भाषण पर प्रतिक्रिया भी दी थी। इसके बाद से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, समस्त मंत्री और पदाधिकारी से लेकर बीजेपी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और एक दिन पहले देहरादून आये चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी तक सभी के भाषणों और वक्तव्यों के केंद्र में केवल हरीश रावत है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। उनका कहना है कि बीजेपी अपनी रणनीति पर काम करती है, किसी व्यक्ति विशेष को लेकर नहीं। इधर, बीजेपी सरकार में मंत्री और वरिष्ठ नेता हरक सिंह ने यह कहकर खलबली मचा दी है कि बीजेपी नेता गलत ट्रैक पर चल रहे हैं, ऐसा करने से हरीश रावत को फायदा होगा और जब सभी नेता सिर्फ हरीश रावत पर हमला करेंगे तो जनता में उनके प्रति सहानुभूति बढ़ेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







