तीर्थ पुरोहितों ने तीन नवंबर को केदारनाथ धाम कूच का ऐलान किया है। इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए भाजपा में डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू हो गई है।
@शब्द दूत ब्यूरो (02 नवंबर, 2021)
तीर्थ पुरोहितों को मनाने और पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने सीएम पुष्कर सिंह धामी कल यानी बुधवार को केदारनाथ धाम जाएंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और स्वामी यतीश्वरानंद भी रहेंगे।
फिलहाल, पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए सरकार फूंक-फूंककर कदम रख रही है और इस मामले में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। केदारनाथ धाम में जिस तरह सोमवार को पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत का जबरदस्त विरोध हुआ, उसे लेकर सरकार संजीदा है।
बता दें कि केदारनाथ धाम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का भी विरोध हुआ था। तीर्थ पुरोहितों ने तीन नवंबर को केदारनाथ धाम कूच का भी ऐलान किया है। इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए डैमेज कंट्रोल की तैयारी शुरू हो गई है। कमान स्वयं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने हाथ में संभाली है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री धामी बुधवार को केदारनाथ धाम रवाना हो रहे हैं। वे वहां मोर्चा खोले बैठे तीर्थ पुरोहितों से बात करेंगे। उनके रोष को शांत कराएंगे। इसके साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों को भी परखेंगे। तीर्थ पुरोहितों के विरोध के बीच सीएम के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। इसे सरकार की ओर से तीर्थ पुरोहितों की मान मनोव्वल के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बताया कि सीएम पुष्कर धामी केदारनाथ में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा तो लेंगे ही, साथ ही नाराज तीर्थ पुरोहितों से भी बात की जाएगी। वहां उनके लिए आवास बनकर तैयार हो चुके हैं, जिन्हें तीर्थ पुरोहितों को समर्पित किया जाएगा।।




Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal




