@शब्द दूत ब्यूरो (27 अक्टूबर, 2021)
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राज्य का सियासी पारा चढ़ता ही जा रहा है। फिलहाल, भाजपा अपने मंत्री हरक सिंह रावत के बयानों से खुद को असहज महसूस कर रही है। इधर हरक सिंह हैं कि अपने बयानों के स्पष्टीकरण के बहाने ऐसा कुछ न कुछ कह ही देते हैं जिससे राज्य की सियासत में सुगबुगाहट पैदा हो ही जाती है।
फिलहाल सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत से फोन पर बात की और उन्हें नाश्ते के लिए आमंत्रित किया। वो अलग बात है कि हरेक सिंह प्रदेश अध्यक्ष के घर नाश्ते पर नहीं गए। कह दिया कि कोई जरूरी काम की वजह से देर हो गई और वे अध्यक्ष जी के यहां नाश्ते पर नहीं जा सके।
इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और आपदा कार्यों में सुस्ती से नाराज पार्टी विधायक पूरन सिंह फर्त्याल से मंत्रणा की। बंद कमरे में चली इस मंत्रणा के बाद कौशिक ने इसे सामान्य मुलाकात बताया।
हालांकि, सियासी हलकों में दोनों नेताओं को तलब किए जाने की चर्चाएं तैर रही थीं। बकौल कौशिक, हरक सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं और साथ मिलकर काम करेंगे और पार्टी चुनाव में 60 से अधिक सीटें जीतेगी।
लोहाघाट से पार्टी विधायक पूरन फर्त्याल को भी प्रदेश कार्यालय में बुलाया गया था। फर्त्याल पार्टी कार्यालय पहुंचे। बैठक खत्म करने के बाद कौशिक बाहर निकले तो उन्होंने फर्त्याल को अपने वाहन बैठने को कहा। फर्त्याल उनके वाहन में बैठकर आवास गए जहां बंद कमरे में उनसे चर्चा की गई।
प्रदेश भाजपा कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के दो बयानों से असहज बताई जा रही है। पहला बयान उन्होंने हरीश रावत के सामने नतमस्तक होने को लेकर दिया था। इस पर पार्टी में खासी प्रतिक्रिया रही। इसके बाद उन्होंने एक और बयान दिया कि वह अपने अभी तक के राजनीतिक जीवन में इस कार्यकाल में अपनी विधानसभा के लिए अधिक कार्य नहीं करा सके।
इसके अलावा भाजपा विधायक पूरन फर्त्याल ने आपदा के कार्यों को लेकर अपनी सरकार पर राहत कार्यों में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। दौरे पर आए आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में उन्होंने खुली नाराजगी जाहिर की और दिल्ली में शिकायत करने की धमकी तक दे डाली। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। पूरन फर्त्याल के इस व्यवहार को पार्टी ने बेहद गंभीरता से लिया है।