@शब्द दूत ब्यूरो (27 अक्टूबर, 2021)
इन दिनों जब हरक सिंह रावत और हरीश रावत को लेकर उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज है, ऐसे में बदरीनाथ से भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट ने भी हरक सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने हरक सिंह रावत के निराशाजनक कार्यकाल वाले बयान पर उन्हें आड़े हाथों लिया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले मंत्री हरक सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल से खुद के संतुष्ट नहीं होने की बात कही थी। कहा कि उन्होंने काम किया, लेकिन जितना करना था वह नहीं कर सके। सियासी गलियारों में उनके इस बयान को भाजपा के भीतर के माहौल से जोड़कर देखा गया जो कि संभवतः काम करने की आजादी नहीं होने की ओर इशारा था।
मित्रों पार्टी हित मे साफ बोलता हूं,सुखी रहता हूं।
क्योंकि बाल्यकाल से संगठन में अनुशासन ही मुझे सिखाया गया है। pic.twitter.com/v2DYE2z1tM— Mahendra Bhatt MLA (@mahendrabhatbjp) October 26, 2021
भाजपा के बदरीनाथ से विधायक महेंद्र भट्ट ने उनके इसी बयान को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। जिसमें उन्होनें हरक सिंह रावत का नाम लिए बिना लिखा कि “मंत्री जी का ये बयान की ये कार्यकाल निराशाजनक रहा, इसका एक ही अर्थ निकलता है कि भाजपा सरकार में व्यक्तिगत हित कम होते हैं, सार्वजनिक कार्य ज्यादा मंत्री जी का बयान व्यक्तिगत है, सार्वजनिक विकास से जोड़ कर नहीं देखना चाहिए। ये भी सत्य है कि भाजपा सरकार में मंत्रियों का व्यक्तिगत विकास पर रोक तो लगती ही है। इसलिए व्यक्तिगत निराशा स्वाभाविक है।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के भीतर अब आपस में ही उलझने बढ़ने लगी हैं। जिसे हवा देने से कोई भी चूक नहीं रहा है। हालांकि हरक सिंह रावत भट्ट की इस पोस्ट का जवाब देंगे या नहीं कहना मुश्किल है। लेकिन इतना तय है कि आने वाले दिनों में भाजपा के भीतर आपसी खींचतान बढ़ने वाली है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



