Breaking News

बड़ी खबर :उत्तराखंड में बारिश ने मचायी तबाही, कई सडकें बंद, मकान गिरे, नदियां उफान पर, बचाव व राहत कार्य जारी, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (19 अक्टूबर 2021)

उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश ने भारी कहर मचाया है। अल्मोड़ा के भिकियासैंण में एक मकान गिरने से दो बच्‍चे दब गए हैं जबकि तल्ला रामगढ़ में जूलिया में नौ मजदूरों के दबने की भी खबर आ रही है। हल्द्वानी में गौला पुल का हिस्सा टूट गया है। नैनीताल में नयना देवी मंदिर में झील का पानी भर गया है। उधर कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिससे गर्जिया मंदिर को खतरा पैदा हो गया है। 

पूरे राज्य में कई सड़कें बंद हो गई हैं। राहत और बचाव में एसडीआरएफ और पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगी हुई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बंद सड़कों को जल्द खोलने तथा राहत व बचाव कार्य तेज करने के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। 

विस्तृत जानकारी के मुताबिक भारी बारिश से नैनीताल तहसील के धारी ब्लाक में भारी तबाही मचाई है। ओखलकांङा ब्लाक में भी चार लोगों के दबने की सूचना है। तल्ला रामगढ़ के जूलिया में नौ मजदूर दब गए हैं। गांव के लोग राहत कार्य में लगे हैं। इसी तरह जमरानी गांव में दो लोगों के दबने की सूचना है। तल्ला रामगढ में कई घर और दुकान बह गई है। सङक मार्ग बंद होने से मौके पर पहुंचना मुश्किल हो रहा है।

रामगढ व ओखलकांङा ब्लाक से भारी नुकसान की सूचना आ रही है। सङक बंद होने से राहत दल भी मौके पर नहीं पहुंच पाए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही आपदा मंत्री धन सिंह रावत को अवगत करा दिया गया है।

उधर नैनीताल में लगातार बारिश से झील के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हो रही है। बीती शाम  जलस्तर बढ़ने पर झील के निकासी गेटों को पूरी क्षमता 18 इंच खोल दिया गया था। जलस्तर बढ़ने के कारण पानी नयना देवी मंदिर परिसर के भीतर तक घुस गया है। परिसर के भीतर पानी का तलैया बनने से मंदिर प्रबंधन और आसपास के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। डीएम धीराज गर्बयाल ने बताया कि नैनीताल की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गयी है।

आज सुबह अल्मोड़ा के भिकियासैंण से आई एक सूचना के अनुसार एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस दौरान दो बच्चे मलबे में दब गए। जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है।

बाजपुर ऊधमसिंहनगर में भी भारी बारिश के चलते  लेवड़ा नदी उफान पर आ गई थी। जिससे मुख्य बाजार और कॉलोनियों में बाढ़ का पानी भर गया। पानी भरने से लोगों के घरों का सामान भी पूरी तरह खराब हो गया है।  
रामनगर में गर्जिया मंदिर को कोसी नदी में पानी बढ़ जाने से खतरा पैदा हो गया। पानी मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। खतरे को भांपते हुये कोसी बैराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं।  कोसी बैराज में खतरे का निशान 80000 क्यूसेक है। जबकि इस समय नदी का जलस्तर 139000क्यूसेक है जो काफी ज्यादा है। 

धर्म नगरी हरिद्वार में  गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सुबह साढ़े आठ बजे से पानी के जलस्तर में बढोतरी हुई है। जिसके बाद से प्रशासन अर्लट मोड पर है। बैराज के खतरे का निशान 294 मीटर पर है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ शिवकुमार कौशिक ने बताया कि रात 12:00 बजे के बाद टिहरी बांध व श्रीगंगानगर से पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। जिससे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है

प्रदेश में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग, सात स्टेट हाईवे सहित सैकड़ों ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीघ्र सड़कों को खोलने के निर्देश जारी किए हैं।

चमोली जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पागलनाला और लामबगढ़ के समीप मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा 13 ग्रामीण मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हैं। चमोली जनपद में सिमली रोड, थराली-ग्वालदम रोड और बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध है। बदरीनाथ हाईवे जोशीमठ से बदरीनाथ तक चार जगहों पर भूस्खलन के कारण बंद है। इसके अलावा हनुमानचट्टी से बदरीनाथ के बीच तीन जगहों पर हाईवे बंद है। बदरीनाथ से किसी भी तीर्थयात्री को गंतव्य के लिए नहीं भेजा जा रहा है।

उत्तरकाशी में ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 108 धरासू और सुखीटॉप के पास भूस्खलन होने के कारण बाधित है। जबकि ऋषिकेश यमुनोत्री एनएच 94 यातायात के लिए खुला है। जिले में तीन ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हैं। रुद्रप्रयाग में ऋषिकेश- केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 107 टिहरी जनपद के अंतर्गत तोताघाटी के पास कुछ समय के लिए अवरुद्ध हुई थी, लेकिन अब इसे सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक यातायात के लिए खोल दिया गया है। टिहरी में एक राज्य मार्ग, दो ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध हैं। 

नैनीताल जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन राज्य मोटर मार्ग और चार ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध हैं। अल्मोडा में एक राज्य मोटर मार्ग सहित दो ग्रामीण सड़कें बंद हैं। चंपावत में टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग 09 स्वाला व भारतोली के पास भूस्खलन व बड़े बोल्डर आने के कारण यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। जिले में चार ग्रामीण मोटर मार्ग भी बंद हैं। पिथौरागढ़ में दो बार्डर रोड, 11 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। जबकि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग गुरना मंदिर के समीप भूस्खलन के कारण बंद है। 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक अटलांटिक और भूमध्य सागर चली हवाओं के चलते पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ और हवाएं अफगानिस्तान, पाकिस्तान होते हुए उत्तराखंड पहुंची और अक्तूबर में मौसम का मिजाज दो दिन के लिए पूरी तरह बदल कर रख दिया। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी पूर्वी हवाओं का दबाव खत्म हो चुका है तो अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी जैसे जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी दून और आसपास की आसमान साफ रहने के साथ नहीं कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे। 

सोमवार सुबह से लेकर मंगलवार की सुबह पूरे राज्य में 36.7 मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश रिकार्ड चंपावत का है। यहां सबसे अधिक 115.6 तो वहीं  देहरादून में सबसे कम 19.1 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक इस अवधि में पूरे राज्य में औसतन 2.4 मिमी बारिश होती है, लेकिन मौसम के बदले मिजाज के चलते 36.7 मिमी बारिश हुई। ऐसे में सामान्य से 1428 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई। जो हाल फिलहाल में अक्तूबर में सबसे अधिक बारिश है।

ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान से महज 20 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। त्रिवेणी घाट के आरती स्थल समेत विभिन्न गंगा घाट जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन तटीय क्षेत्रों में रह रहे लोगों को आश्रय स्थलों में शिफ्ट कर रहा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर 340.30 मीटर पर पहुंच गया है। गंगा चेतावनी निशान 340.50 मीटर के बिल्कुल करीब पहुंच गई है। केंद्रीय जल आयोग ने मैदानी जिलों के प्रशासन अलर्ट कर दिया है। पुलिस गंगा के तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों लगातार अलर्ट कर रही है। वहीं चंद्रेश्वर नगर, मायाकुंड, चंद्रभागा के आसपास रहने वाले लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। त्रिवेणी घाट का आरती स्थल, परमार्थ घाट, नाव घाट, शत्रुघ्न घाट आदि घाट पानी में डूब गए हैं।

 

Check Also

सुखवंत आत्महत्या प्रकरण: एसआईटी ने 12 आरोपियों पर दाखिल की चार्जशीट, तत्कालीन कोतवाल भी आरोपी

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (05 अप्रैल 2026) काशीपुर। काशीपुर के चर्चित किसान …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-