शराब के शौकीनों के लिए तो ये खुशखबरी है, साथ ही सरकारी राजस्व पर भी इससे इजाफा होगा। ये अलग बात है कि शराब स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। वैसे यह सिर्फ लिखने मात्र के लिए है।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (12 अक्टूबर, 2021)
भले ही कुछ दिनों तक दिल्ली के तमाम ठेके बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े, लेकिन 17 नवंबर से नई आबकारी नीति लागू होने पर काफी फायदा होने वाला है। इसकी वजह दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति में लागू किया गया वो नियम है, जिससे दुकानदारों को एमआरपी पर छूट के साथ शराब की बिक्री की अनुमति दी गई है।
इसका मतलब कि जल्द ही दिल्ली वालों को सस्ती शराब खरीदने के लिए अच्छे नजर आने वाले हरियाणा, पंजाब, राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों की चिंता नहीं रहेगी क्योंकि दिल्ली सरकार ने पड़ोसी राज्यों में मौजूद कीमतों के करीब यहां पर बिक्री करने का प्रस्ताव दिया है।
मौजूदा शराब नीति के तहत दिल्ली में शराब की दुकानें ब्रांड्स की एमआरपी पर किसी भी तरह की छूट देने के लिए आजाद नहीं हैं। हालांकि, सरकारी अधिसूचना के मुताबिक नई नीति के साथ, “लाइसेंसधारक एमआरपी पर रियायत, छूट या डिस्काउंट देने के लिए स्वतंत्र हैं।”
बीते 5 जुलाई 2021 को घोषित वर्ष 2021-22 की नई शराब आबकारी नीति में बदलाव करते हुए रेस्तरां और क्लबों को भी सुबह तीन बजे तक शराब बेचने की अनुमति दे दी गई है। यानी 17 नवंबर से रात तीन बजे तक बैठकर पीने की भी व्यवस्था मिलेगी।
नई नीति में बैंक्वेट हॉल और कार्यक्रम स्थलों के लिए शराब बेचने के लिए लाइसेंस प्राप्त करना आसान बनाने की भी कोशिश की गई है। इसके अलावा, नए बदलावों में सुविधाजनक वॉक-इन अनुभव, बार, होटल, रेस्तरां और क्लब में शराब परोसने के समय का विस्तार, एमआरपी पर छूट और माइक्रोब्रेवरीज को बढ़ावा देना भी शामिल है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



