@शब्द दूत ब्यूरो (15 सितंबर, 2021)
कोरोना काल की वजह से पिछले साल से ही रेलवे का टाइम टेबल नहीं बदला है। इस बार भी एक जुलाई से नई समय सारिणी लागू नहीं हुई है। पर, अब अक्टूबर से नया टाइम टेबल लागू होने के संकेत मिल रहे हैं। इसकी पूरी संभावना है कि एक अक्टूबर से नया टाइम टेबल लागू हो जाएगा। रेलवे ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।
इधर, हावड़ा से देहरादून जाने वाली दून एक्सप्रेस अब देहरादून नहीं जाएगी। इस ट्रेन को हावड़ा से योग नगरी ऋषिकेश तक चलाया जाएगा। अभी स्पेशल बन कर चल रही ट्रेन भी हावड़ा से योग नगरी ऋषिकेश के बीच ही चल रही है।
नया टाइम टेबल प्रभावी होते ही इसे स्थायी तौर पर हावड़ा से योग नगरी ऋषिकेश तक चलाया जाएगा। वापसी में भी ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा लौटेगी। यानी दून एक्सप्रेस देहरादून नहीं जाएगी।
रेलवे ने यह भी साफ कर दिया है कि नया टाइम टेबल लागू होते ही यह व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी। नया टाइम टेबल लागू होने की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। इसके साथ ही ट्रेनें पहले की तरह सामान्य नंबर के साथ चलेंगी। ट्रेन नंबर के पहले लगे जीरो हट जाएंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal


