@शब्द दूत ब्यूरो (9 सितंबर 2021)
काशीपुर । लंबे समय से काशीपुर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक नहीं बन पाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार कांग्रेस काशीपुर में 35 वर्ष के सूखे से उबर पायेगी। मौजूदा सरकार की एंटी इनकम्बेंसी का लाभ क्या कांग्रेस उठा पायेगी? इन सभी सवालों पर प्रदेश से लेकर आलाकमान तक गंभीर मंथन किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार कांग्रेस किसी भी प्रकार से अन्य दलों खासकर भाजपा को कोई मौका नहीं देना चाह रही है। परिवर्तन यात्रा के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा 37 विधायकों के टिकट फाइनल होने के बयान के बाद सूबे की कांग्रेसी राजनीति का पारा हाई हो गया है। हालांकि उन्होंने अभी सीटों का खुलासा नहीं किया है।
काशीपुर विधानसभा की सीट उत्तराखंड की सबसे हॉट सीट मानी जाती रही है। दिग्गज कांग्रेस नेता स्व नारायण दत्त तिवारी के नाम से पूरे देश में पहचान बनाने वाली काशीपुर विधानसभा में अब कांग्रेस के नाम पर शून्य नजर आता है। लेकिन इस बार कांग्रेस यहाँ बड़ी सूझबूझ के साथ चुनावी रणनीति बनाने जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जिन 37 सीटों का जिक्र किया है उसमें काशीपुर सीट भी है। सूत्रों की मानें तो तो इस बार यहाँ से प्रत्याशी चयन के विचार विमर्श में पहली प्राथमिकता किसी दिग्गज कांग्रेस नेता को दिया जाना है। दरअसल हाईकमान की नजर में मौजूदा समय में कोई ऐसा चेहरा काशीपुर में नहीं है जिस पर पार्टी दांव खेल जाये। लेकिन एक और विकल्प पर पार्टी ने मंथन किया है। इसके मुताबिक पूर्व में एक स्थानीय दिग्गज कांग्रेसी के परिवार की महिला कांग्रेस नेत्री को चुनाव मैदान में लाया जाये।
सूत्रों के मुताबिक काशीपुर से करीब करीब प्रत्याशी चयन अपने अंतिम चरण में है। ज्यादा संभावना महिला कांग्रेस नेत्री की बताई जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







