@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (7 सितंबर 2021)
शराब व खनन के अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना छपरा-पटना मुख्य मार्ग पर अवतार नगर थाना क्षेत्र के बोधाछपरा में हुई। यहाँ पुलिस को शराब व अवैध बालू कारोबार की शिकायत मिली थी। पुलिस टीम जब वहाँ पहुंची तो तो अवैध खनन में लगा एक ट्रक चालक जुर्माना और पुलिस में पकड़े जाने के डर से भाग निकला इस दौरान एक किराना दुकानदार ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक अवतार नगर थाना क्षेत्र के महुआनी निवासी दीना सिंह का 40 वर्षीय पुत्र राज मोहन सिंह है।
घटना से वहाँ लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर दी। इसी बीच छापेमारी कर रही पुलिस पहुंच गयी और भीड़ का फायदा उठा कर असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया। पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें गड़खा थानेदार अमितेश गंभीर रूप से घायल हो गये। थानाध्यक्ष के अलावा सिपाही ओंकारनाथ, राजीव कुमार, प्रभाकर कुमार और जावेद भी घायल हो गए। सभी का इलाज सदर अस्पताल में हुआ।
घटना के बाद से छपरा सदर अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। टाउन थाना इंस्पेक्टर विमल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, भगवान बाजार थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार झा, ओएसडी अरुण कुमार अकेला दल बल के साथ अस्पताल पहुंचे। सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ राम इकबाल प्रसाद, डॉ केएन दुबे, डॉ हर्षित घायल पुलिसकर्मियों के इलाज में जुटे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी संतोष कुमार ने भी पहुंचकर जानकारी ली। इधर जाम कर रहे लोगों ने पत्थरबाजी की घटना से इनकार किया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







