@शब्द दूत ब्यूरो (17 जुलाई, 2021)
उत्तराखंड में आज से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास से योजना का शुभारंभ किया। सीएम ने यमुना कॉलोनी भूड़गांव की सुशीला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट देकर योजना का शुभारंभ किया। पहले दिन 16 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश मे अगले एक महीने के भीतर सभी 6000 गांव इंटरनेट से जुड़ेंगे। वहीं अगले तीन से चार महीने के भीतर उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा जहां शत प्रतिशत लोगों का कोविड-19 टीकाकरण होगा।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि प्रसव के बाद मां और कन्या शिशु की देखभाल को प्रोत्साहित करने के लिए इस योजना को शुरू किया गया है।
योजना के तहत प्रसव के बाद महिला को प्रथम दो बालिकाओं के जन्म पर एक-एक मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट एवं जुड़वा बच्चियों के जन्म पर महिला एवं बच्चों को अलग-अलग किट दिए जाएंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





