@शब्द दूत ब्यूरो (14 जुलाई, 2021)
केदारनाथ विधानसभा की उखीमठ तहसील में देवस्थानम श्राइन बोर्ड भंग करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हक-हकूक धारियों ने कथित रूप से अपने को सतपाल महाराज का प्रतिनिधि बताने वाले एक व्यक्ति को दौड़ा लिया। प्रदर्शनकारी इतने गुस्से में थे कि इस व्यक्ति को भागकर दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी।
बताया जाता है कि ऋषिकेश निवासी पंकज भट्ट नाम का यह व्यक्ति क्षेत्र में अपने को संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज का खासमखास बताता है। बताया ये भी जाता है कि अपने इस दावे की पुष्टि के लिए क्षेत्र में पुल इत्यादि बनाने के झूठे दावे भी करता रहा है।
केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने बताया कि वे सड़क से लेकर विधानसभा तक अपनी पार्टी (कांग्रेस) लाइन के अनुसार श्राइन बोर्ड भंग करने की मांग करते रहे हैं। उन्होनें कहा कि वे प्रदर्शनकारियों के ऐसे कदम का समर्थन नहीं करते। लेकिन स्थानीय हक-हकूक धारियों और पंडा समाज की जायज मांग के समर्थन में हमेशा खड़े हैं।
विधायक मनोज रावत ने कहा कि ऐसे तथाकथित लोगों से भी आशा रखते हैं कि वे कोढ़ में खाज जैसी स्थिति पैदा न करें। जिस समुदाय के अहित करने के लिए वे विधानसभा में बिल लाये हैं, उनके बीच नौटंकी करने न जाएं तो बेहतर होगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





