@मनोज त्रिपाठी
प्रतापगढ़ । संपत्ति के विवाद में छोटे भाई की तलवारों से हमला कर घायल कर दिया। घायल की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। अमेठी जनपद के थाना क्षेत्र संग्रामपुर के शीतलाबख्श पुरवा निवासी रामखेलावन तथा उसके छोटे भाई रामशरण के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी है।

दोनों के खेत अमेठी के संग्रामपुर व प्रतापगढ़ के अंतू थाने की सीमा पर स्थित है। बडा भाई रामखेलावन की झोपड़ी अंतू थाने की सीमा में है।
रामशरण के परिजनों के मुताबिक बीते रोज करीब दो बजे रामखेलावन ने साजिश के तहत अपने छोटे भाई रामशरण और उसके बेटे आदित्य को खेत में बुलाया। रामशरण व आदित्य खेत में पहुंचे तो पत्नी, बेटे व बहू के साथ घात लगाकर बैठे रामखेलावन ने तलवार व कुल्हाड़ी से रामशरण पर हमला कर दिया।पिता पर हमला होते देख 12 साल के आदित्य ने गुहार लगाई तो गांव और घर के अन्य लोग दौड़े। लेकिन तब तक रामशरण को मरणासन्न कर चारों आरोपित भाग निकले।
परिजन आननफानन रामशरण को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। संग्रामपुर व अंतू पुलिस देर शाम तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में अंतू थाने में हत्या की एफआईआर के लिए तहरीर दी गई।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal