@शब्द दूत ब्यूरो
केदारनाथ धाम के कपाट सोमवार 17 मई को प्रातः 5 बजे खुलेंगे। मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने श्रद्धालुओं को शुभकामनायें दीं हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अपने घरों में रहकर ही पूजा-अर्चना करें।
श्री केदारनाथ भगवान की पंचमुखी डोली केदारनाथ धाम पहुंच चुकी है। सोमवार को पूरे विधि-विधान से प्रात: 5 बजे श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंंगे। जबकि श्री यमुनोत्री धाम के कपाट 14 मई तथा श्री गंगोत्री धाम के कपाट 15 मई को खुल चुके है।
कोविड के चलते चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया जा चुका है। यानि आम श्रद्धालुओं के लिए चारधाम की यात्रा नहीं होगी। नित्यनियम से पूजा-अर्चना चलेगी। कोरोना की एसओपी का पालन करते हुए धामों में पूजपाठ से जुड़े लोगों को जाने की अनुमति है।
देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम तथा श्री केदारनाथ धाम में देवस्थानम बोर्ड ने कपाट खोलने की तैयारियां पूरी कर ली है। सेनिटाईजेशन, साफ-सफाई, बिजली-पानी की आपूर्ति, रावल, पुजारियों, वेदपाठियों हेतु आवास व्यवस्था की गयी है। मास्क पहनना, सोशियल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्क्रीनिंग को अनिवार्य किया गया है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal