काशीपुर । “शहर में कोविड केयर सेंटर की आवश्यकता नहीं है” भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा को जिला प्रशासन ने यह कहते हुए कोविड केयर सेंटर खोलने की अनुमति नहीं दी।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम मेहरोत्रा ने यहाँ अपने खर्च पर उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में कोविड केयर सेंटर खोलने के लिए जिला प्रशासन से सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए अनुमति मांगी थी। पिछले दिनों शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के समक्ष भी राम मेहरोत्रा ने इस बारे में अवगत कराया था। जिस पर शिक्षा मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह इस संबंध में जिले के अधिकारियों से बात करेंगे और अनुमति मिल जायेगी।
लेकिन आज भाजपा नेता ने अपने मॉल में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि जिला प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी जिसका कारण उन्हें यह बताया कि यहाँ कोविड सेंटर की आवश्यकता नहीं है। साथ ही भाजपा नेता ने उदयराज हिन्दू इंटर कालेज प्रबंधन पर भी कोविड केयर सेंटर के लिए परीक्षा आदि होने की बात कहकर जगह देने से इंकार कर दिया गया।
भाजपा नेता ने पत्रकारों से कहा कि वह इसके बावजूद कोरोना मरीजों की सहायता के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना पीड़ित होम आइसोलेशन में रह रहे असहाय लोगो के लिए ऑक्सीजन, और फ्री सर्विस होम डिलीवरी, भोजन, दवाइयां आदि की व्यवस्था वह अपनी ओर से करेंगे। मरीजों के लिए फ्री ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर , सिलेंडर मय फ्लोमीटर की उपलब्ध करायेंगे। 

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal