लखनऊ। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य ने राज्य में भ्रष्टाचार और महिलाओं व किसानों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्राथमिक सदस्यता तथा अन्य सभी पदों से अपना इस्तीफा दिया है।
उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट पर कहा है कि सरकार की किसानों के प्रति घोर उपेक्षा, हठधर्मिता एवं संवेदनहीनता के चलते मैं बेहद आहत हूँ, इसलिए अपनी अन्तरात्मा की आवाज़ पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ,प्राथमिक सदस्यता एवं अन्य सभी पदों से त्यागपत्र दे रही हूँ। साथ ही घोर भ्रष्टाचार के चलते में महिला आयोग की सदस्य होते हुए भी महिलाओं को न्याय दिलाने में स्वयं को असमर्थ पाती हूँ, इसलिए नैतिक आधार पर आयोग की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रही हूँ।
डॉ. प्रियंवदा तोमर ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में आगे कहा कि ‘आज भ्रष्टाचार चरम पर है। मैं स्वयं महिला आयोग की सदस्य रहते हुए भी महिलाओं को न्याय दिलाने में असमर्थ हूं। साथ ही भारतीय जनता पार्टी में योग्य महिलाओं की घोर उपेक्षा से भी निराशाजनक स्थिति है। इन परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता, सभी दायित्वों और पदों से इस्तीफा दे रही हूं। साथ ही नैतिकता के आधार पर यूपी सरकार द्वारा दायित्व राज्य महिला आयोग सदस्य के पद से भी इस्तीफा दे रही हूं।


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal