काशीपुर । “56 विधायक और एक भी मुख्यमंत्री के लायक नहीं। ये देवभूमि की जनता के द्वारा चुने गये जनप्रतिनिधियों के साथ नाइन्साफी तो है ही, देवतुल्य कहने का नाटक करने वाले अपने ही कार्यकर्ताओं का खुला अपमान है।” आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली ने सासंद को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर करारा हमला बोला है।
यहाँ जारी एक बयान में दीपक बाली ने कहा कि उत्तराखंड की जनता को भाजपा से सवाल पूछना चाहिए कि जब भाजपा के विधायक इस योग्य है ही नहीं तो फिर ऐसे अयोग्य लोगों को भाजपा ने टिकट देकर क्यों चुनाव मैदान में उतारा और जनता को भी मूर्ख बनाया?
उन्होंने कहा कि जब केंद्र को ही उत्तराखंड चलाना है तो फिर क्यों नहीं नरेंद्र मोदी या अमित शाह ही उत्तराखंड का भी चार्ज ले लेते । आप नेता ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही उत्तराखंड को मुख्यमंत्री पद का ट्रेनिंग सेंटर बना कर छोड़ दिया है । कितने बड़े शर्म की बात है कि 20 साल की अवधि में उत्तराखंड को दसवां मुख्यमंत्री देखना पड़ रहा है । इतना बुरा हाल तो किसी छोटे से थाने का भी नहीं होता । श्री बाली ने कहा कि तीरथ सिंह रावत यदि सल्ट से चुनाव लड़े तो भी गढ़वाल की गरीब जनता को एक और लोकसभा उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा जो जनता के पैसे की बर्बादी होगी । नए मुख्यमंत्री को तो यह तक पता नहीं कि मोदी राज से पहले पेट्रोलियम पदार्थों की क्या कीमत थी ? वे क्या विकास करेंगे क्योंकि उन्होंने तो पहले ही कह दिया है कि वे त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे ।
उन्होंने कोई काम किया नहीं । इसलिए हटा दिए गए ।ऐसे में जनता खुद विचार करें कि कैसा विकास होगा ? श्री बाली ने कहा कि जो भाजपा के लिए बोझ था उसे उत्तराखंड की जनता पर बोझ बनाकर 4 साल तक भाजपा ने जो गुनाह किया उससे वह बच नहीं सकती और अब दस माह की जिस ‘तीरथयात्रा ‘ से वह फिर सत्ता में आने के सपने देख रही है वें कदापि पूरे नहीं होंगे क्योंकि जनता सब समझ गयी है। वह यह भी समझ गई है कि इसी भाजपा और कांग्रेस ने जिस दिल्ली को बुरे हाल में पहुंचा दिया था उसे दिन रात मेहनत करके आम आदमी पार्टी ने ही चमकाया है और उत्तराखंड का जो हाल भाजपा और कांग्रेस ने कर दिया है अब उसे चमकाने के लिए भी आम आदमी पार्टी ही राजनीति करने नहीं बल्कि राजनीति बदलने का संकल्प और काम की राजनीति लेकर देवभूमि में आई है।



Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal