कलेक्टर ने दर्ज कराई रिपोर्ट
जयपुर। केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, भाजपा विधायक अशोक लाहोटी, नरपत सिंह राजवी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ बनीपार्क थाने में मामला दर्ज हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर जगरूप सिंह यादव इन सभी पर कलेक्टर परिसर में ज्ञापन देने के दौरान नारेबाजी, अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर चैम्बर में उपद्रव का माहौल पैदा करने का केस दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने रिपोर्ट दी है कि नौ मई को भाजपा पदाधिकारी थानागाजी गैंगरेप प्रकरण को लेकर ज्ञापन देने आए थे। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर प्रथम इकबाल खान को ज्ञापन देने से पहले इन्होंने नारेबाजी की थी।जिला कलेक्टर घटना के समय जयपुर स्मार्ट सिटी की मीटिंग में गए हुए थे।
भाजपा कार्यकर्ताआें ने कलेक्टर पर डरने और कांग्रेस पार्टी के सदस्य की तरह कार्य करने का मिथ्या आरोप लगाया था। कलेक्टर ने घटना का वीडियो पुलिस आयुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए भेजा था। केस की जांच बनीपार्क थाने के उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह को सौंपी गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal