नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने रजनीकांत के चुनावी राजनीति में शामिल न होने के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि 70 साल के सुपरस्टार ‘सच्चे हिंदू हैं लेकिन वो एक सेकुलर व्यक्ति हैं और वो बीजेपी को समर्थन नहीं करेंगे।’ रजनीकांत ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चुनावी राजनीति में शामिल न होने का ऐलान किया। इसके पहले वो 31 दिसंबर को राजनीतिक पार्टी की घोषणा करने वाले थे।
रजनीकांत के इस फैसले पर तमिलनाडु की कई राजनीतिक पार्टियों की प्रतिक्रिया आई है। तमिलनाडु में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और गठबंधन की पार्टियों के बीच तनाव दिखने लगा है।
रजनीकांत ने एक बयान जारी कर कहा कि वो ‘चुनावी राजनीति में शामिल हुए बगैर जनता की सेवा करेंगे।’ ऐसे में इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है कि वो राजनीति में आए बगैर किस पार्टी को समर्थन देंगे।
पी चिदंबरम ने कहा, ‘मैं रजनीकांत जी के लिए खुश हूं। मैं सालों से उनका मित्र रहा हूं, साल 1996 से। मैंने उन्हें पहले भी कहा था कि उन्हें सीधे-सीधे राजनीति में नहीं आना चाहिए। उन्होंने 1996 में मजबूत नैतिक प्रभाव डाला था और वो अब भी 2021 और भविष्य में भी मजबूत नैतिक ताकत बन सकते हैं।’





Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
