काशीपुर । घर में देर रात घुसे तीन अज्ञात बदमाशों ने बाप बेटी को बेहोश कर एक लाख से अधिक की नकदी व कीमती जेवर लूट लिये। मामले की तहरीर आईटीआई थाना में पीड़ित की पत्नी ने दी है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। वैशाली कालोनी निवासी राजकुमार ने कुंडेश्वरी क्षेत्र में सब्जी उगाने का काम करता है। परिवार के सभी सदस्य वहीं रहते हैं। जबकि राजकुमार व उसकी छोटी पुत्री वैशाली कालोनी में ही रहते हैं।
राजकुमार की पत्नी फूलमती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बीती रात 12 बजे से पहले तीन अज्ञात बदमाश छत के रास्ते उसके घर में घुसे। राजकुमार ऊपर ही सोया हुआ था। बदमाशों ने उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश करने के बाद उसके हाथ पैर रस्सी से बांध दिये और नीचे कमरे में सो रही उसकी छोटी पुत्री अलका को दरवाजा खखटखटाकर उठाया। उसके उठते ही उसे भी नशीला पदार्थ सुघांकर बेहोश कर दिया और घर में रखे 1,20000 रूपये नकदी व सोने चांदी के जेवर व मोबाइल आदि चोरी कर लिया।
रात भर पिता पुत्री बेहोशी की हालत में पड़े रहे। सुबह लगभग साढ़े पांच बजे राजकुमार का छोटा पुत्र अमित आया और उसने दरवाजा खटखटाया काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। बाद में अर्द्धबेहोशी की हालत में पुत्री ने किसी तरह दरवाजा खोला तो घटना का पता चला। दोनों को लोगों ने उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया जहाँ से उन्हें निजी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
तहरीर में फूलमती ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर संदेह जताते हुए कहा है कि उसके वहाँ नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों का आना जाना हैं। वहीं उसने अपने दामाद पर भी संदेह जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तथा कुछ लोगों को इस मामले में हिरासत में भी लिया है। 

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal