काशीपुर। नगर निगम के नगर आयुक्त को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को एक पत्र भेजकर उनके स्थानांतरण की मांग की है। उधर नगर आयुक्त ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।
नगर निगम के पार्षदों ने शिकायती पत्र में कहा है कि नगर आयुक्त का पार्षदों के साथ व्यवहार अच्छा नहीं है तथा अपने पद ग्रहण के बाद से ही उन्होंने पार्षदों की अपेक्षा शुरू कर दी थी। लॉकडाउन के समय मुख्यमंत्री राहत किट वितरण में किसी भी पार्षद की बात नहीं सुनी। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, शहरी विकास मंत्री उत्तराखंड के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष एवं काशीपुर विधायक एवं महापौर को भी भेजी गई है। मांग पूरी न होने पर धरना प्रदर्शन व आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
यहाँ बता दें कि कल ही विधायक हरभजन सिंह चीमा ने नगर निगम सभागार में पार्षदों की समस्यायें सुनी थी। उधर मुख्य नगर आयुक्त पी सी आर्य ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते और न ही अभी तक उनके संज्ञान में यह मामला है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

